नई दिल्ली। शासन-प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद देश में रेप और गैंगरेप के मामले रूक नहीं रहे हैं। जाता मामला महाराष्ट्र के ठाणे का है, यहां 30 लोगों पर एक 14 साल की लड़की से गैंगरेप का आरोप लगा है। पीड़ित के परिवार वालों की शिकायत पर मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में रेप, अपहरण और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने अब तक 22 आरोपी गिरफ्तार किए हैं जिनसे जरूरी पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि पीड़ित के साथ 8 महीने पहले नाबालिग प्रेमी ने दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने रेप का वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों ने पीड़ित को ब्लैकमेल कर प्रताड़ित किया है। घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस दल का गठन किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना डोंबिवली के भोपर इलाके की है। नाबालिग के साथ 30 लोगों ने अलग-अलग समय और अलग-अलग जगहों पर सामूहिक दुष्कर्म किया है। लड़की को जनवरी 2021 से 22 सितंबर, 2021 तक प्रताड़ित किया गया। इससे तंग आकर पीड़ित ने बीती रात मानपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में डोम्बिवली, बदलापुर, रबाले और मुरबाद से आरोपियों को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार किए गए कई आरोपी विभिन्न राजनीतिक दलों से भी जुड़े हुए हैं।