नई दिल्ली। झारखण्ड से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां बदमाशों ने एक ही परिवार के चार लोगों की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारे इतने क्रूर थे कि उन्होंने छह साल के बच्चे को भी बेरहमी से मार डाला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। वहीं सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वारदात शुक्रवार रात चाईबासा के हाटगम्हरिया थाना इलाके में केंदपोसी गांव की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या कर सभी अपराधी फरार हो गए। गांव से कुछ दूरी पर ही परिवार के सभी लोगों का शव बरामद किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर इडुक डुंगडुंग ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हत्या क्यों की गई इसका सही कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।