हल्द्वानी न्यूज: स्वास्थ्य खराब होने से छोड़ी थी टैक्सी ड्राइविंग, राम सिंह कोरंगा की तलाश जारी

Blog
 Image

हल्द्वानी। भारी बारिश के बीच मंगलवार को काठगोदाम पुल से उफनती गौला नदी में एक बुजुर्ग के कूदने की घटना से हड़कंप मच गया। बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी 65 वर्षीय राम सिंह कोरंगा के नदी में कूदने के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, राम सिंह कोरंगा मंगलवार को काठगोदाम पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वह उफनती गौला नदी में कूद गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नदी में तलाश शुरू की। नदी का बहाव तेज होने के कारण अभियान में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि राम सिंह करीब एक वर्ष पहले तक टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने टैक्सी चलाना छोड़ दिया था। इसके बाद से वह बेरोजगार थे। राम सिंह के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका एक बेटा अग्निवीर है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को राम सिंह का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इस संबंध में उनके स्वजन ने किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। ऐसे में घटना के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस घटना से पहले राम सिंह की एक राहगीर से मुलाकात होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उस दौरान वह सामान्य नजर आए और मुस्कुराते हुए दिखाई दिए थे। इसके कुछ समय बाद उनके नदी में कूदने की सूचना सामने आई।