अल्मोड़ा। प्रस्तावित विद्युत मूल्य बढ़ोत्तरी के खिलाफ आज कांग्रेसियों ने चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। इससे पहले कांग्रेसी चौघानपाटा में गांधी पार्क पर एकत्रित हुए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर, खाद्यान्न जैसी वस्तुओं के मूल्य पहले ही आसमान छू रहे हैं और अब प्रदेश सरकार बिजली के मूल्यों में बढ़ोत्तरी कर जनता से वसूली करना चाहती है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है। कहा कि भाजपा सरकार को आमजन की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन भाजपाई अपनी पीठ खुद थपथपा रहे हैं। कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, गुण्डाराज लगातार बढ़ता जा रहा है और भाजपा सरकार अच्छे दिनों की बात करती है। कहा कि भाजपा के अन्याय का जवाब जनता जरूर देगी और सत्ता के नशे में डूबे भाजपाईयों को सबक सिखायेगी। कार्यकारी जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने सरकार से प्रस्तावित विद्युत मूल्य बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग की। इस दौरान पूरन सिंह रौतेला, लता तिवारी, शोभा जोशी, हाजी नूर अकरम खान, गोपाल चौहान, परितोष जोशी, राबिन मनोज भण्डारी, मनोज सनवाल, रोहित शैली, हेम जोशी, मनीष तिवारी, गौरव अवस्थी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पाण्डेय, परितोष जोशी, हेम तिवारी, संजय दुर्गापाल आदि मौजूद रहे।