द्वाराहाट। एसएसपी प्रदीप कुमार राय के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए द्वाराहाट पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट ने पुलिस कर्मचारियों, व्यापारियों व टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों को यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में शपथ दिलाई। इस दौरान नशा मुक्त समाज का संकल्प भी लिया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष बिष्ट ने वाहन स्वामियों, टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों व व्यापारियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि हम सभी को वाहन चलाते समय सभी नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। कहा कि वाहन चलाते समय सीट बैल्ट का प्रयोग जरूरी है और शराब के नशे में वाहन चलाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने नशे के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि आज हमारी युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गर्त में जा रही है, जिसके लिए हम सभी को आगे आना होगा और युवाओं को नशे के चंुगल से आजाद कराना होगा। कहा कि नशा न केवल शारीरिक दुख देता है बल्कि इससे युवाओं का भविष्य भी खराब होता है।