अल्मोड़ा। कांग्रेस के नव मनोनीत कार्यकारी जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पदभार संभालेंगे। जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रांतीय सचिव त्रिलोचन जोशी ने बताया कि देश के लोकतांत्रिक अंगिकृत दिवस के दिन कांग्रेस के नये जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज सैकडों कार्यकर्ताओं के समक्ष विधिवत पदभार संभालेगें। उन्होंने बताया कि पदभार संभालने से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता भारत जोडो़ यात्रा के क्रम में प्रातः 11 बजे से देवदार होटल के समीप से शहीद स्मारक पार्क तक पदयात्रा निकालेंगे। बताया कि पदभार ग्रहण करने के उपरांत विचार गोष्ठी आयोजित की जायेगी। उन्होंने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, विधायक मदन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष उमा बिष्ट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र बाराकोटी, दीप सिंह डांगी, पीताम्बर पाण्डेय, पूरन रौतेला विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे।