अल्मोड़ा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का स्थापना दिवस आज हवालबाग विकासखण्ड में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि कांग्रेस एक पार्टी नहीं अपितु विचारधारा है। देश की सबसे पुरानी और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस आज से 137 साल पुरानी है। इस पार्टी का इतिहास आजादी के पूरे संघर्ष से जुड़ा हुआ है। गांधी-नेहरू से लेकर सरदार पटेल और राजेंद्र प्रसाद तक आजादी की लड़ाई में आम हिंदुस्तानियों की नुमाइंदगी करने वाली पार्टी ने देश को एकता के सूत्र में बांधने की कोशिश की थी। कर्नाटक ने कहा कि कांग्रेस एवं कांग्रेस के नेताओं ने देश की आजादी के लिए खड़ा संघर्ष किया तथा स्वतन्त्रता आन्दोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कर्नाटक ने कहा कि कांग्रेसी विचारधारा सर्व समाज को लेकर संविधान के निर्माण एवं अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं का लाभ प्रत्येक नागरिकों को हासिल हो इस पर कार्य करती रही है। कांग्रेस सत्य, शांति, अहिंसा एवं बलिदान के मार्ग पर चलकर त्याग, तपस्या एवं संघर्षो को जीने वाली पार्टी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष शिवराज नयाल ने की तथा संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश भाकुनी ने किया। इस दौरान बबीता भाकुनी, गोपाल खोलिया, नरेन्द्र कुमार, देव सिंह भोजक, पूरन सिंह, भुवन आर्या, गौरव कांडपाल, देवेंद्र प्रसाद कर्नाटक, रोहित शैली, हेम जोशी, नवीन आर्या, लक्की, विनोद प्रधान, पान सिंह, मनोहर भाकुनी, पूरन सिंह, परितोष जोशी, हरीश खोलिया, विनोद सिंह राणा, रमेश चंद्र, राजेन्द्र जोशी आदि मौजूद रहे।