अल्मोड़ा। आज जनपद में स्वतंत्रता दिवस की धूम मची रही। देर शाम तक जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित हुए और देशभक्ति गीतों पर लोग झूमते नजर आए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम आदि नारों से पूरा शहर गूंज उठा। इस मौके पर स्कूलों में रंगारंग कार्यक्रम हुए, प्रभात फेरी निकली और सरकारी व निजी संस्थानों पर भी तिरंगा फहराया गया। अल्मोड़ा में नंदादेवी मंदिर परिसर से लेकर पटाल बाजार से होते हुए चौघान पाटा तक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस दौरान तमाम गणमान्य व्यक्तियों, जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों से आए छात्र, छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने देशभक्ति गीतों, नारों एवं गाजे बाजे के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का समापन चौघानपाटा में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, बीजेपी जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुभाष चन्द्र भट्ट, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत अन्य अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।