अल्मोड़ा। प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी आज अल्मोड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हवालबाग ब्लाक में रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएम धामी ने 49.19 करोड़ की विकास योजनाओं का भी शिलान्यास व लोकार्पण किया। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर भाजपाईयों ने मुख्यमंत्री धामी का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार पलायन रोकने के लिए प्रयासरत है और इसके लिए विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार भी उत्तराखण्ड से पलायन रोकने को लेकर योजनाओं को संचालित कर रही है ताकि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी यही के काम आ सके। उन्होंने कहा कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर हो रही हैं। अब हवालबाग में रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर का उद्घाटन कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब यहीं पर ग्रामीणों को अपना लघु उद्यम शुरू करने की सारी जानकारी मिल जाएगी। अब सामान्य गांव की महिला अपना स्वरोजगार आसानी से शुरू कर सकेगी। ऐसा इंक्यूबेटर एक हवालबाग में दूसरा पौड़ी जिले में खोला जा रहा है। अगले एक दशक में पूरे राज्य को देश का अग्रणी प्रदेश बनाया जाएगा। यह सपना मोदी जी ने देखा है। जिसे हम सबने मिलकर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना पर्यटन का आधार बनेगी। सामान्य व्यक्ति भी होम स्टे के माध्य्म से पर्यटन गतिविधि कर आर्थिकी को बड़ा सकता है। इस दौरान सांसद अजय टम्टा, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, महिला आयोग उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा, बाल विकास मंत्री रेखा आर्या, डीएम वंदना सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।