रानीखेत। तीन दिवसीय दौरे पर रानीखेत पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने आज तीसरे दिन कांग्रेसियों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाई। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में जुटने का आहवान किया। यहां विधायक करन माहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। इस दौरान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी यादव पिछले तीन दिनांे से रानीखेत दौरे पर हैं। उन्होंने गांव-गांव कांग्रेस, घर-घर कांग्रेस के तहत गांवो में निकली प्रभात फेरी में शिरकत करने के साथ ही गांधी जयंती पर ताड़ीखेत स्थित गांधी कुटीर में आयोजित समारोह में भी हिस्सा लिया। वहीं इन तीन दिनों में प्रदेश प्रभारी यादव ने विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मन टटोला। आज तीसरे दिन उन्होंने कपीना गांव में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों के साथ ही कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।