नई दिल्ली। लगातार बढ़ रही महंगाई ने दिवाली से पहले ही आमजन का दिवाला निकाल दिया है, हालात यह हैं कि कुछ समय बाद आने वाली दिवाली को लेकर लोगों में जो उत्साह बना हुआ था वह अब फीका होता जा रहा है। कारण साफ है कि महंगाई दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। एक बार फिर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए हैं। इससे आम आदमी की जेब पर सीधे तौर पर असर पड़ने वाला है। वहीं देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, उड़ीसा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। उधर उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल में भी कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपए लीटर के पार है। राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए से बढ़कर 899.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। वहीं 5 किलो वाला सिलेंडर अब 502 रुपए में मिलेगा। तेल कंपनियों ने एक अक्टूबर को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 43.5 रुपए प्रति सिलेंडर तक बढ़ाए थे।