अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मैग्रेसाइट कर्मचारी यूनियन की हड़ताल लगातार जारी है। अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। आज यूनियन से जुड़े कर्मचारी महाप्रबंधक कार्यालय पर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। नाराज कर्मचारियों का कहना था कि कुमाऊं की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाई लगातार कर्मचारियों की उपेक्षा कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन की अनदेखी के चलते कर्मचारियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है बावजूद इसके कर्मचारियों की मांगों पर अमल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने समस्याओं के समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। इस दौरान कर्मचारियों ने पांच महीने का वेतन देने, प्रमोशन में अनियमितता दूर करने, पीएफ में आ रही समस्या समेत सभी मांगों को दूर करने की मांग की। कहा कि अगर शीघ्र ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। इस दौरान राम सिंह बिष्ट, शांतिलाल, चदंन जनौटी, चंद्र सिंह, नवीन रौतेला, दिनेश जनौटी, अनिल सिंह, ललित सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।