द्वाराहाट। कल से नया साल यानी 2022 शुरू हो जायेगा। लोग नए साल के स्वागत की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। थर्टी फस्ट को लेकर लोगों खासतौर पर युवाओं में खासा उत्साह है। उधर थर्टी फस्ट और नए साल के जश्न को लेकर पुलिस प्रशासन भी खासा अलर्ट दिखाई दे रहा है। द्वाराहाट की बात करें तो ब्लाक को दो जोन में बांटा गया है। बग्वालीपोखर जोन की कमान चौकी इंचार्ज एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट को सौंपी गयी है, जबकि द्वाराहाट क्षेत्र को थाना पुलिस कवर करेगी। वहीं थर्टी फस्ट को देखते हुए होटल-ढाबों पर भी नजर रखी जा रही है। सूत्रों की मानें तो होटल-ढाबों में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्यवाही के मुड मे है। चूंकि प्रदेश में कुछ समय बाद विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में किसी भी प्रकार से माहौल न बिगड़े इसके लिए पुलिस प्रशासन सख्त दिखाई दे रहा है। उधर शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग मचाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उधर ग्राम प्रहरियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामीण इलाकों में हुड़दंग मचाने वालों की सूचना पुलिस को दें ताकि माहौल न बिगड़ने पाए। वहीं शाम के समय पुलिस के जवान बाजार के साथ ही ग्रामीण इलाकों में गश्त पर रहेंगे। उधर पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बिना हुड़दंग मचाए नए साल का स्वागत करें।
राजेन्द्र सिंह बिष्ट
प्रभारी निरीक्षक, द्वाराहाट
क्षेत्रवासियों को नए साल की बधाई! थर्टी फस्ट पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। लोग शांतिप्रिय माहौल में नए साल का स्वागत करें और थर्टी फस्ट मनाएं। अगर कोई शराब के नशे में हुड़दंग मचाए तो पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस प्रशासन लोगों की सेवा में 24 घंटे तत्पर है।
एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट
चौकी इंचार्ज, बग्वालीपोखर
बग्वालीपोखर जोन में पुलिस कर्मी गश्त पर रहेंगे। क्षेत्र में माहौल शांतिप्रिय रहे इसके लिए पुलिस प्रयासरत है। लोगों से अपील है कि नए साल का जश्न बिना हुड़दंग के अपने परिवार के साथ मनाए। होटल-ढाबों पर अवैध रूप से शराब परोसने वालों पर कार्यवाही की जायेगी। वहीं क्षेत्र में शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को चिन्हित करने का काम भी किया जायेगा। सड़कों पर नशे में फर्राटा भरने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा।