नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग में आज एक भारतीय छात्र की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि गोलीबारी में छात्र की मौत हुई है। फिलहाल विदेश मंत्रालय छात्र के परिजनों से बातचीत कर रहा है। बताया जा रहा है कि जिस छात्र की मौत हुई है वह कर्नाटक का रहने वाला है। इस घटना की जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि खार्किव में गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई है। उधर रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी कीव के समीप पहुंच चुकी है। इसके बाद इंडियन एंबेसी ने भारतीय नागरिकों के लिए बड़ा अलर्ट जारी करते हुए आज ही कीव छोड़ने की निर्देश दिए हैं। बता दें कि रूस-यूक्रेन जंग का आज छठवां दिन है। रूसी सेना ने खार्किव और कीव के बीच ओख्तिरका शहर के मिलिट्री बेस पर हमला किया है। इस हमले में कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं। वहीं, रूसी फोर्स ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में अर्टलरी (तोपों) से हमले तेज कर दिए हैं और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे आम नागरिकों पर खतरा गहरा गया है।