द्वाराहाट। विधानसभा चुनाव को अब कुछ ही समय शेष बचा है। आगामी 14 फरवरी को मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत को ईवीएम मशीन में कैद करेंगे। चुनाव को लेकर जहां प्रत्याशियों की धड़कने बढ़ी हुई है वहीं मतदाता भी सरकार और प्रत्याशियों को लेकर गुणा-भाग करने में जुट गए हैं। चाय की दुकान से लेकर चौराहों और ग्रामीण अचलों में चुनाव, प्रत्याशी और सरकार को लेकर लोग चर्चाओं का बाजार गर्म है। द्वाराहाट विधानसभा की बात करें तो इस सीट पर इस बार मुकाबला बेहद कड़ा दिख रहा है। भाजपा और कांग्रेस ने जहां एक ही क्षेत्र से अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है वहीं यूकेडी भी इस बार दमखम के साथ चुनाव मैदान में दिख रही है। देखा जाए तो द्वाराहाट विधानसभा दो जोन में बंट जाता है एक द्वाराहाट चौखुटिया बैल्ट और दूसरा गगास-बिन्ता से लेकर दुनागिरी जोन। चूंकि कांग्रेस प्रत्याशी मदन सिंह बिष्ट और भाजपा के अनिल शाही का गृहक्षेत्र एक ही है ऐसे में यहां चुनावी समीकरण फिल्हाल स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। उधर द्वाराहाट-चौखुटिया बैल्ट की बात करें तो यहां से यूकेडी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में हैं। हांलाकि पूरे विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, कांग्रेस, यूकेडी और आप के प्रत्याशी जोर-शोर से प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं और गांव-गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात भी कर रहे हैं।
देखा जाए तो इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और यूकेडी के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है। जहां भाजपाई केन्द्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं वहीं कांग्रेसी भाजपा पर निशाना साधते हुए मदन सिंह बिष्ट के पूर्व में किए कार्यों को भुनाने में लगे हुए हैं। उधर यूकेडी के कार्यकर्ता पूर्व विधायक स्व. बिपिन चंद्र त्रिपाठी द्वारा विधानसभा में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। हांलाकि कौन विधायक बनेगा और किसकी सरकार आयेगी यह तो समय के गर्भ में है, लेकिन राजनीतिक सूत्रों की मानें तो इस बार इस सीट पर जनता बदलाव के मुड में दिखाई दे रही है।