नई दिल्ली। असम में बाढ़ का कहर लगातार जारी है बीते रोज रविवार को यहां बाढ़ से पांच लोगों की मौत हो गई। एक रिपोर्ट के अनुसार असम में अबतक बाढ़ और लैंडस्लाइड से मरने वालों की संख्या 126 हो गई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाढ़ के चलते राज्यभर में 22 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। कछार जिले के सिलचर शहर में अभी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, रविवार को 28 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 22.21 लाख हो गई, जबकि पिछले दिन यह आंकड़ा 25.10 लाख था। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है। कई जगहों में जलस्तर घट रहा है। वहीं, 2,542 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि 2,17,413 लोगों ने 564 राहत शिविरों में शरण ली है। कोपिली, बराक और कुशियारा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एक सप्ताह से अधिक समय से पानी में डूबे सिलचर शहर में बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाई गई है। जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वायु सेना मिलकर बाढ़ पीड़ितों की मदद करने में जुटे हुए हैं। हालांकि, एक लाख से अधिक लोग अभी भी इमारतों फंसे हैं, क्योंकि उनके घरों की निचली मंजिल पूरी तरह से जलमग्न हो चुकी है।