रानीखेत। पूर्व एमएलसी स्व. बीडी शर्मा के पौत्र भाजपा नेता त्रिभुवन शर्मा ने कांग्रेस में वापसी करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। आज रानीखेत विधायक करन माहरा ने कांग्रेस पदाधिकारियों की मौजूदगी में त्रिभुवन शर्मा का स्वागत किया। बता दें कि त्रिभुवन शर्मा पहले भी कांग्रेस में थे लेकिन कुछ साल पहले वह भाजपा में चले गए थे। इस दौरान विधायक माहरा ने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है। भाजपा की गलत नीतियों से त्रस्त होकर लोग कांग्रेस में अपनी आस्था जता रहे हैं। कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पूरा देश त्रस्त है। उन्होंने कहा कि त्रिभुवन शर्मा के कांग्रेस में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं कांग्रेस में आए भाजपा नेता त्रिभुवन शर्मा ने विधायक माहरा का आभार जताया। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में बहुत अंतर है। कहा कि विधायक माहरा के कामों से वह खासे प्रभावित हैं। वहीं द्वाराहाट के पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट ने त्रिभुवन शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि आज देश का युवा कांग्रेस में अपनी आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ले रहा है। श्री बिष्ट ने कहा कि भाजपा ने देश के युवाओं के साथ छल किया है जिसका खामियाजा भाजपा को आगामी चुनावों में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर से कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख हीरा रावत, नगर अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, ब्लाक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, जिलाध्यक्ष महेश आर्य, कमलेश बोरा आदि मौजूद थे।