देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर आज देवभूमि में भी आक्रोश देखने को मिला। इस दौरान प्रदेशभर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए गए और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की गयी। भुट्टो के विवादित बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह देश का अपमान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि मैं बिलावल भुट्टो जैसे लोगों का नाम नहीं लेना चाहता। ये परिवारवाद और वंशवाद के पोषित लोगों में से रहे हैं। चाहे जुल्फिकार और बेनजीर भुट्टो हो या अब बिलावल भुट्टो हों ये उसी वंशवाद की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केवल भारत के नहीं बल्कि पूरे विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महानगर व भाजयुमो की ओर से देहरादून में घंटाघर पर प्रदर्शन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोईवाला चौक पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो व पाकिस्तान का पुतला फूंका। हल्द्वानी बुद्ध पार्क में भी भुट्टो का पुतला फूंका गया। इस दौरान पाकिस्तान और बिलावल भुट्टो के विरोध में नारेबाजी भी की गई।